Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपीएम मोदी आज काशी में, 9 किमी के रास्ते में 13 जगह...

पीएम मोदी आज काशी में, 9 किमी के रास्ते में 13 जगह होगा स्वागत

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखेंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब नौ किलोमीटर के मार्ग पर 13 स्थानों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।

एयर शो में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और अन्य विमान गंगा के ऊपर हवाई करतब दिखाएंगे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ का यह अंतिम प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

अरविंद लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे की शुरुआत मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई के उद्घाटन से होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से औद्योगिक इकाई जाएंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। इस औद्योगिक इकाई में लगभग 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। इससे क्षेत्र में महिला रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन पहल ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में इस इकाई की स्थापना की गई है। यहां अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधान तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों को निर्यात करने की भी योजना है। इकाई में उत्पादन के साथ स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

नमो घाट पर देखेंगे ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो

औद्योगिक इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे और भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन का आनंद लेंगे।

‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों के जरिए देश की हवाई शक्ति, तकनीकी दक्षता और सामरिक क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। 22 और 24 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के बाद रविवार को इस श्रृंखला का अंतिम एयर शो आयोजित होगा।

गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाला यह प्रदर्शन शहरवासियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। इस आयोजन के जरिए भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और हवाई कौशल को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

नौ किलोमीटर के मार्ग पर 13 स्वागत स्थल

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत स्थल बनाए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ उनके अभिनंदन की तैयारी की है।

काशी की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइन के प्रवेश द्वार पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन