Wednesday, August 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsPM नरेंद्र मोदी ने दी NDA सांसदों को सलाह

PM नरेंद्र मोदी ने दी NDA सांसदों को सलाह

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा के 36 NDA सांसदों से मुलाकात की। इस बैठक में वे सांसद भी शामिल थे, जो हाल के समय में अन्य दलों से बीजेपी या NDA में शामिल हुए हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों को दिल्ली की राजनीति, सोशल मीडिया इस्तेमाल और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर कई अहम सलाह दीं।

दिल्ली के मकड़जाल में न फंसें

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से कहा कि वे दिल्ली की राजनीति के ‘मकड़जाल’ से बचकर रहें। उन्होंने सलाह दी कि सांसद सिर्फ लुटियंस दिल्ली तक सीमित न रहें, बल्कि जनता और अपने क्षेत्र से लगातार जुड़े रहें। पीएम ने सांसदों से कहा कि वे इस बात का ध्यान रखें कि दिल्ली में किससे मिल रहे हैं, किसके साथ बैठ रहे हैं और किस तरह के लोगों से संपर्क बना रहे हैं।

ये भी पढ़े

CJP नहीं बनेगी राजनीतिक पार्टी, अभिजीत दीपके बोले- जन आंदोलन रहेगा जारी

सोशल मीडिया इस्तेमाल में सावधानी की सलाह

प्रधानमंत्री ने सांसदों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के फायदे हैं, लेकिन इसके नुकसान भी हो सकते हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की टिप्पणी करते समय भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सांसदों को अपने लेटर हेड के इस्तेमाल और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा।

गुस्से से बचें, टीवी पर बयान देते समय रखें मर्यादा

बैठक में पीएम मोदी ने सांसदों से कहा कि सदन के अंदर का तनाव बाहर लेकर जाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि सांसद किसी मुद्दे पर अपनी बात शांत और संतुलित तरीके से रखें।

उन्होंने कहा कि नाराजगी या गुस्से में बोलने से बचना चाहिए। टीवी डिबेट या सार्वजनिक मंचों पर भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए जिससे पार्टी और सदन की गरिमा प्रभावित हो।

सत्ता और विपक्ष दोनों पक्षों के सांसदों से जुड़ने की सलाह

प्रधानमंत्री ने NDA सांसदों से कहा कि उन्हें सदन में मौजूद सभी सांसदों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्षी सांसदों से भी संवाद बनाए रखना जरूरी है।

मैं वर्तमान में जीता हूं

बैठक के दौरान एक सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि वे एक साथ कई जिम्मेदारियों को कैसे संभालते हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा,’मैं वर्तमान में जीता हूं।’

उन्होंने कहा कि जब वे किसी व्यक्ति से बात करते हैं तो उनका पूरा ध्यान उसी बातचीत पर रहता है। प्रधानमंत्री ने सांसदों को भी सलाह दी कि वे वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करें और देश के बेहतर भविष्य के लिए काम करें।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन