महाराष्ट्र: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि संगठन फिलहाल राजनीतिक पार्टी में तब्दील नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश को किसी नई राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि एक मजबूत प्रेशर ग्रुप और जन आंदोलन की जरूरत है।
राजनीतिक पार्टी बनाते तो आंदोलन सफल नहीं होता
अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर CJP को राजनीतिक दल बनाया जाता तो आंदोलन की व्यापकता खत्म हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन इसलिए सफल हुआ क्योंकि अलग-अलग विचारधाराओं और राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक साथ आए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर लोगों का भरोसा मजबूत करने के लिए एक बड़े जन आंदोलन की जरूरत है।
CJP की दो दिवसीय बैठक शुरू
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। बैठक में जंतर-मंतर आंदोलन की समीक्षा, E20 पेट्रोल विवाद, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और संगठन को देशभर में मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दीपके ने बताया कि बैठक में यह तय किया जाएगा कि आने वाले समय में CJP किन मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेगी और देशभर में अपने अभियान को कैसे विस्तार देगी।
झारखंड के छात्रों के समर्थन में जाएगी CJP
अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों की मांगों के साथ खड़ा है और आगे भी उनके मुद्दों को उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन को केवल शिक्षा के मुद्दे पर समर्थन नहीं मिला, बल्कि लोगों ने इसे इसलिए समर्थन दिया क्योंकि उन्हें राजनीतिक व्यवस्था, न्यायपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को लेकर चिंताएं हैं।
छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर दर्ज FIR वापस लेने को लेकर सरकार से बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि घायल प्रदर्शनकारियों को कानूनी और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक संगठन के मेंटर बने रहेंगे और समय-समय पर मार्गदर्शन देते रहेंगे।

