Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइजराइल में सियासी समीकरण बदले: नेतन्याहू के साथ सरकार बनाने को तैयार...

इजराइल में सियासी समीकरण बदले: नेतन्याहू के साथ सरकार बनाने को तैयार आइजनकोट, PM पद की रखी शर्त

तेल अवीव: इजराइल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट ने बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को गठबंधन सरकार बनाने के लिए बातचीत का न्योता दिया है।

दोनों पार्टियों के बीच रविवार को गठबंधन को लेकर चर्चा होगी। हालांकि, आइजनकोट ने प्रधानमंत्री पद को लेकर अपनी शर्त साफ कर दी है। उनका कहना है कि नई सरकार बनने पर प्रधानमंत्री वही बनेंगे।

खास बात यह है कि एक हफ्ते पहले तक आइजनकोट, नेतन्याहू के साथ सरकार बनाने के खिलाफ थे। उन्होंने कहा था कि नेतन्याहू चुनाव हार चुके हैं और वे उनकी राजनीतिक चाल में नहीं फंसेंगे। अब उनके बदले रुख ने इजराइल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

 किसी के पास बहुमत नहीं

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू की पार्टी ने बहुमत गंवा दिया था। इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीट चाहिए। नेतन्याहू के गठबंधन को 53 और आइजनकोट के गठबंधन को 48 सीटें मिलीं।

आइजनकोट को 19 सीटों वाले अरब पार्टियों ने समर्थन दिया। इसके बाद राष्ट्रपति ने आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका दिया है।

अरब पार्टी से समर्थन नहीं लेना चाहते आइजनकोट

अरब पार्टियों के पास 19 सीटें हैं। ये आइजनकोट को समर्थन देने के लिए तैयार हैं लेकिन आइजनकोट को समर्थन देने वाले दूसरे कई नेता इन पार्टियों के साथ सरकार बनाने के पक्ष में नहीं हैं।

अरब पार्टी से समर्थन न लेने की 3 बड़ी वजह

  • हमास को लेकर मतभेद: आइजनकोट चाहते हैं कि सरकार में शामिल होने वाली पार्टियां हमास को आतंकी संगठन मानें और उसे खत्म करने का समर्थन करें। उनका कहना है कि अरब पार्टियां उनकी इन शर्तों पर खरी नहीं उतरतीं।
  • इजराइल की पहचान का मुद्दा: आइजनकोट चाहते हैं कि सरकार में शामिल पार्टियां इजराइल को यहूदी और लोकतांत्रिक देश मानें। अरब पार्टियों के साथ इस मुद्दे पर मतभेद हैं।
  • गठबंधन के अंदर विरोध: आइजनकोट के चार पार्टियों वाले गठबंधन में से तीन पार्टियां याशार, बियाहद और इजराइल बेतेनु ने चुनाव के दौरान अरब पार्टियों के साथ सरकार नहीं बनाने का वादा किया था।

सरकार बनाने के लिए 6 दिसंबर तक का समय

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें इसके लिए 28 दिन का समय दिया गया है। इस तरह उनके पास 6 दिसंबर तक का समय है। जरूरत पड़ने पर 14 दिन की अतिरिक्त मोहलत भी मिल सकती है।

नेतन्याहू और आइजनकोट की पार्टियों के बीच पिछले रविवार को भी बातचीत हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद दोनों ने एकदूसरे पर एकता सरकार बनाने में गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया था।

ये भी पढ़ें: नेपाल के PM बालेन शाह भारत पहुंचे: आज जयशंकर से मुलाकात, कल PM मोदी के साथ करेंगे बैठक 

अरब पार्टियों के समर्थन से नया स्पीकर बना

इजराइल की संसद नेसेट में 17 नवंबर को गादी आइजनकोट की पार्टी याशार के नेता मतान कहाना स्पीकर चुने गए। उन्हें 66 वोट मिले, जबकि नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के उम्मीदवार को 52 वोट मिले।

कहाना को आइजनकोट के गठबंधन के अलावा दो अरब पार्टियों जॉइंट लिस्ट और राअम का भी समर्थन मिला।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन