मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ उनके विवाद को लेकर बनाई गई फिल्म ‘काला हिरण’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। शुक्रवार को फिल्म का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की है कि इसका फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा।

कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम और रियल कंट्रोवर्सी का मिश्रण
जानकारी के मुताबिक, फिल्म को केवल एक बायोपिक या डॉक्यूमेंट्री की तरह नहीं बल्कि हाई-वोल्टेज क्राइम थ्रिलर और कोर्टरूम ड्रामा के रूप में तैयार किया गया है। कहानी में 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से लेकर अदालत की सुनवाई, गिरफ्तारी, सजा और इसके बाद सामने आए घटनाक्रमों को फिल्मी अंदाज में दिखाया जाएगा।
फिल्म के निर्माता अमित जानी के अनुसार, दर्शकों को एक ऐसी कहानी देखने को मिलेगी जिसमें कानूनी लड़ाई, विवाद, सत्ता, अपराध और चर्चित हस्तियों से जुड़े घटनाक्रमों का सिनेमाई प्रस्तुतीकरण होगा।
साथ ही फिल्म का सबसे चर्चित पहलू सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच वर्षों से चले आ रहे विवाद को माना जा रहा है। निर्माता का दावा है कि फिल्म में उन घटनाओं को भी शामिल किया गया है जिन्होंने इस विवाद को राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनाया।
हालांकि मेकर्स ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि फिल्म में सलमान खान या लॉरेंस बिश्नोई जैसे किरदार कौन निभाएगा। पोस्टर में दिखाई देने वाला चेहरा भी अभी तक दर्शकों के लिए नया और रहस्यमय बना हुआ है।
1998 का मामला जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा
बता दें काला हिरण शिकार मामला वर्ष 1998 में सामने आया था, जब फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी क्षेत्र में संरक्षित वन्यजीवों के शिकार के आरोप लगे थे।
इस मामले में सलमान खान के अलावा कई अन्य कलाकारों के नाम भी सामने आए थे। मामला अदालत तक पहुंचा और वर्षों तक इसकी सुनवाई चलती रही। 2018 में सलमान खान को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई थी, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। वर्तमान में मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
विवादों के बीच बढ़ी फिल्म की चर्चा
वहीं फिल्म का पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे एक साहसिक सिनेमाई प्रयास बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवादों से जुड़ा विषय मानकर चर्चा कर रहे हैं।
अब सभी की निगाहें 20 जून पर टिकी हैं, जब फिल्म का आधिकारिक टीजर और फर्स्ट लुक जारी किया जाएगा। माना जा रहा है कि उसी दिन फिल्म की स्टारकास्ट, कहानी की दिशा और विवाद से जुड़े कई पहलुओं पर भी तस्वीर साफ हो सकती है।

