प्रयागराज/कौशांबी: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री के मलबे में लगभग 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
धमाके से फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज
हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। यह इलाका प्रयागराज बॉर्डर से सटा है और मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन यहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। बताया गया कि विस्फोट के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण विस्फोट के बाद भी लगातार धमाके होते रहे, जिससे राहत कार्य में भी मुश्किलें आईं।
आसपास के 5 से 7 मकान भी टूटे
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद 5 से 7 मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। इन घरों में रहने वाले कुछ लोग भी घायल हुए हैं। एक बच्ची ने बताया कि उसका घर ढह गया और वह किसी तरह बाहर निकल आई, जबकि उसकी मां और छोटा भाई मलबे में दब गए।
यह भी पढ़े : India Post GDS Recruitment 2026: डाक विभाग में 23,757 पदों पर भर्ती शुरू, 10वीं पास आज से करें रजिस्ट्रेशन
घायलों को चारपाई पर अस्पताल ले गए ग्रामीण
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का साथ दिया। झुलसे और घायल लोगों को ग्रामीण चारपाई पर रखकर अस्पताल ले जाते दिखाई दिए। हादसे में एक बच्चा भी बुरी तरह झुलसा है।
पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फैक्ट्री पूरी तरह ढह जाने के कारण मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
प्रत्यक्षदर्शी मुनीश कुमार पांडे के मुताबिक करीब 12:30 बजे अचानक धमाकों की आवाज आने लगी। उन्होंने बताया कि गोदाम में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे और धमाके इतने तेज थे कि आसपास के कई मकान भी टूट गए।

