Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबैतूल को नगर निगम बनाने की तैयारी तेज ; 26 ग्राम पंचायतों...

बैतूल को नगर निगम बनाने की तैयारी तेज ; 26 ग्राम पंचायतों के विलय की प्रक्रिया शुरू, कलेक्टर ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

बैतूल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव 2027 से पहले बैतूल को नगर निगम का दर्जा देने की कवायद तेज हो गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने प्रस्तावित नगर निगम की सीमा तय करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत 26 ग्राम पंचायतों को नगर निगम सीमा में शामिल करने की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन ने प्रस्तावित ग्राम पंचायतों का सर्वे शुरू कर दिया है। जनपद पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव, रोजगार सहायकों सहित अन्य कर्मचारियों का विवरण तैयार कर कलेक्टर को भेजा जा रहा है। इन आंकड़ों के आधार पर प्रशासन अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच प्रारंभिक स्तर पर चर्चा भी हो चुकी है। प्रस्तावित नगर निगम में कढ़ाई, दनोरा (भ), बड़ोरा, आरूल, बाजपुर, भैंसदेही, खेड़ली, मरामझिरी, टेमनी, जामठी, खेड़ला, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़, महदगांव, भड़ूस, कुम्हारटेक, भोगीतेड़ा, रोढ़ा, सूरगांव, भरकावाड़ी, खंडारा, मलकापुर, मिलानपुर, बयावाड़ी, ढोड़वाड़ा और खड़ला ग्राम पंचायतों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।

यदि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो कैबिनेट की स्वीकृति के बाद इन ग्राम पंचायतों का नगर निगम में विलय किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों की मतदाता सूची भी पंचायत से हटाकर नगर निगम में स्थानांतरित की जाएगी। पूरी प्रक्रिया में आबादी और अन्य वैधानिक मानकों का परीक्षण भी किया जाएगा।

अभी प्रदेश में 16 नगर निगम

वर्तमान में मध्यप्रदेश में 16 नगर निगम हैं। विदिशा को नगर निगम बनाने की घोषणा पहले ही हो चुकी है और अब बैतूल भी इस सूची में शामिल होने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। यदि प्रक्रिया समय पर पूरी होती है तो 2027 के नगरीय निकाय चुनाव बैतूल नगर निगम के रूप में कराए जा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन