कटनी: कटनी के चर्चित जमीन सौदेबाजी मामले में फरार चल रही निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने और गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं।
तीनों आरोपी फरार, एजेंसियों को भेजा पत्र
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। इसी बीच विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट सर्कुलर जारी कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को पत्र भेजा गया है।
LOC जारी होने के बाद यदि आरोपी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट या किसी इमिग्रेशन चेक पोस्ट के जरिए देश से बाहर जाने का प्रयास करते हैं, तो उन्हें रोका जा सकेगा और इसकी सूचना संबंधित पुलिस को दी जाएगी।
कोर्ट से नहीं मिली राहत
गिरफ्तारी से बचने के लिए नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज बारापात्रे ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उनकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए हैं।
यह भी पढ़े: निक्की तंबोली और अरबाज पटेल के रिश्ते में आई दरार? अनफॉलो और रहस्यमयी पोस्ट ने बढ़ाई हलचल
तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम
कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस और एसआईटी की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। उनके संभावित ठिकानों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी उनकी तलाश की जा रही है।
निलंबित DSP के खिलाफ कार्रवाई से बढ़ी हलचल
इस मामले में निलंबित पुलिस अधिकारी का नाम सामने आने के बाद पहले से ही मामला चर्चा में है। अब विदेश भागने की आशंका के बीच LOC जारी कराने की प्रक्रिया शुरू होने से कार्रवाई और गंभीर हो गई है। फिलहाल पुलिस का फोकस तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने पर है।

