मुंबई: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के 44वें जन्मदिन पर निर्देशक एसएस राजामौली ने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ से प्रियंका चोपड़ा का पहला आधिकारिक लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म में प्रियंका ‘मंदाकिनी’ के किरदार में नजर आएंगी और पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा तेज हो गई है।
पोस्टर में प्रियंका का अंदाज बेहद रहस्यमयी, निडर और दमदार दिखाई दे रहा है। उनके चेहरे के एक्सप्रेशन और लुक ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “Meet Our Mandakini… Happy Birthday Priyanka Chopra.” इसके बाद #Mandakini और #Varanasi सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगे। फैंस प्रियंका के इस अवतार को उनके करियर का सबसे अलग और सबसे पावरफुल लुक बता रहे हैं।
1200 करोड़ की मेगा फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘वाराणसी’ भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है, जिसका बजट 1200 से 1400 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी टाइम ट्रैवल, रहस्य और पौराणिक तत्वों पर आधारित होगी।![]()
इसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। महेश बाबू फिल्म में ‘रुद्र’ का किरदार निभा रहे हैं, जो अलौकिक शक्तियों से जुड़े एक रहस्यमयी मिशन पर निकलता है।
वहीं प्रियंका का ‘मंदाकिनी’ वाला किरदार कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म के लिए स्टूडियो में पूरे वाराणसी शहर, घाटों और मंदिरों का भव्य सेट तैयार किया गया है।
एसएस राजामौली हर छोटे-बड़े दृश्य पर बारीकी से काम कर रहे हैं। फिल्म 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा विजुअल एक्सपीरियंस माना जा रहा है।

