लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी सक्रिय भूमिका में नजर आ रही हैं। उनके साथ हुई बैठक में कांग्रेस ने प्रदेश की 150 विधानसभा सीटों की सूची तैयार की है। इन सीटों पर पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ ही संभावित उम्मीदवारों और चुनावी समीकरणों का आकलन करेगी।
कांग्रेस की रणनीति केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजवादी पार्टी के साथ संभावित सीट बंटवारे में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने की भी है। पार्टी चाहती है कि गठबंधन की बातचीत के दौरान उसके पास प्रत्येक सीट को लेकर ठोस आंकड़े और जीत की संभावनाओं से जुड़े तर्क मौजूद हों।
एक सप्ताह में तैयार होगी सीटों की विस्तृत रिपोर्ट
प्रियंका गांधी के साथ बैठक में तय हुआ है कि रणनीति समिति एक हफ्ते में 150 सीटों पर पूरी रिपोर्ट तैयार करेगी।
रिपोर्ट में हर सीट के जातिगत, सामाजिक समीकरण, महिला-युवा वोटर, पिछले नतीजे और मजबूत उम्मीदवारों का पूरा हिसाब होगा, साथ ही ये भी बताया जाएगा कि कांग्रेस कैसे जीत सकती है।
यूपी के सांसदों और नेताओं के साथ बैठक करेंगी प्रियंका
एक हफ्ते बाद प्रियंका गांधी यूपी कांग्रेस की टीम और पार्टी सांसदों के साथ बड़ी बैठक करेंगी, जिसमें सीटों की स्थिति और चुनावी तैयारी पर बात होगी।
इस बैठक में नेताओं से जमीनी हालात का फीडबैक लिया जाएगा कि कहां संगठन मजबूत है और कहां और मेहनत करनी है, ताकि चुनाव से पहले कमजोरियों को दूर किया जा सके।
समाजवादी पार्टी के सामने मजबूत दावेदारी की तैयारी
यूपी में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सपा के साथ सीट बंटवारा है। कांग्रेस के कई नेता गठबंधन में सम्मानजनक सीटें मांग रहे हैं, 150 से 200 सीटों पर लड़ने की बात भी उठी है।
हालांकि अभी तक कोई फाइनल फैसला नहीं हुआ है। कांग्रेस अपने 150 सीटों के सर्वे के दम पर सपा से मजबूत सीटों पर दावा करना चाहती है।
यह भी पढ़ें: हर्षा रिछारिया का दिग्विजय सिंह पर तंज, बोलीं- राम मंदिर बनने पर खुशी नहीं दिखाई, अब चंदे पर उठा रहे सवाल
लोकसभा चुनाव के नतीजों से बढ़ा कांग्रेस का भरोसा
पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी में 6 सीटें जीती थीं और वोट भी बढ़े थे, इससे पार्टी का हौसला बढ़ा है।
अब कांग्रेस अपने पुराने वोटर दलित, मुस्लिम, ब्राह्मण के साथ युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर काम कर रही है। पंजाब और उत्तराखंड के चुनावों की भी तैयारी चल रही है, लेकिन यूपी में सब कुछ सपा से गठबंधन पर टिका है।

