भोपाल: राजधानी भोपाल में एक 17 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मामले की सबसे चौकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी विशेष सशस्त्र बल का कांस्टेबल है। बता दें आरोपी ने अपनी बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर पड़ोस में रहने वाली छात्रा को बुलाया और कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घिनौनी वारदात के दौरान आरोपी का साथी पुलिसकर्मी बाहर पहरा दे रहा था।
क्या है पूरा मामला
जानकारी अनुसार, धार में पदस्थ कॉन्स्टेबल संतोष सेन ने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के मोबाइल से पीड़िता को फोन कर अपनी बेटी की जन्मदिन पार्टी में आने का निमंत्रण दिया। शाम करीब 6:30 बजे जब किशोरी लाल परेड मैदान के पास पहुंची तो वहां संतोष सेन और ग्वालियर में पदस्थ आरक्षक जितेंद्र राजपूत कार में मौजूद थे। कार में जितेंद्र का बेटा भी बैठा था।
आरोप है कि संतोष ने पहले अपनी बेटी के जन्मदिन का हवाला देकर पीड़िता का भरोसा जीता, फिर उसे एमपी नगर स्थित एक मकान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान जितेंद्र राजपूत अपने छोटे बेटे के साथ बाहर मौजूद रहा और किसी के आने-जाने पर नजर रखता रहा।
पुलिस ने की कार्यवाही
कमला नगर थाने के एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी विशेष सशस्त्र बल (SAF) में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। । दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पीड़िता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

