दमोह: कोतवाली थाना क्षेत्र के नूरी नगर सीताबावरी इलाके में शनिवार सुबह गौवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों और गौ भक्तों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने घंटाघर पर हनुमान चालीसा का पाठ कर बाजार बंद कराया। बाद में व्यापारी महासंघ ने भी बंद को समर्थन दे दिया।
बजरिया में मिले अवशेष, एक गाय को बचाया
शनिवार सुबह बजरिया स्थित सात कसाई मंडी में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर बजरंग दल, विहिप और गौ सेवा समिति के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। विहिप जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने बताया कि पहले जहां गौहत्या पकड़ी गई थी, उससे 200 मीटर दूर खुले मैदान में एक गर्भवती गाय के अवशेष और उसके बच्चे का शव मिला, जबकि एक गाय को जिंदा बचा लिया गया। गाय को ऑटो में बैठाकर घंटाघर लाया गया।
भागवत आचार्य बोले- हिंदू समाज एकजुट हो
विरोध प्रदर्शन के दौरान भागवत आचार्य रसराज महाराज ने कहा कि बुंदेलखंड संतों और गौ माता की धरती है। दमोह जैसे धार्मिक शहर में बार-बार गौहत्या होना शर्मनाक है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे हिंदू समाज को एक मंच पर आना होगा।
सीएसपी बोले- एक आरोपी पकड़ा, तीन की पहचान
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल नीले ऑटो का भी पता चल गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
व्यापारी महासंघ ने दिया समर्थन
बाजार बंद कराने के दौरान पहले व्यापारी महासंघ और गौ भक्तों में कहासुनी हुई, लेकिन बाद में व्यापारी महासंघ ने बंद को समर्थन दिया। इसके बाद घंटाघर के आसपास का पूरा बाजार बंद हो गया।
यह भी पढ़ें: ‘दृश्यम द कॉन्क्लूजन’ रिलीज: अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर को दर्शकों से मिली खूब तारीफ
कलेक्टर के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन की सूचना पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने नगर पालिका सीएमओ को कसाई मंडी में अतिक्रमण हटाने और खुले में मांस बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया की मौजूदगी में कसाई मंडी चौकी प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आश्वासन के बाद हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन खत्म किया।

