नई दिल्ली: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव इस दौरान साधु के वेश में पहुंचे और दानपेटी लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के कई सांसद भी शामिल हुए। विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
साधु के वेश में पहुंचे पप्पू यादव
पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर संसद परिसर पहुंचे और जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से चंदा एकत्र करने का अभियान चलाया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने दानपेटी में पैसे डाले। इसके अलावा सपा सांसदों ने भी पप्पू यादव के प्रदर्शन में हिस्सा लिया और चंदा दिया।
ये भी पढ़े
संसद में संग्राम: राहुल गांधी पर विशेषाधिकार नोटिस, अमित शाह लाएंगे नया बिल
विपक्षी सांसदों ने किया विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले को उठाते हुए सवाल खड़े किए। इस दौरान अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और डिंपल यादव समेत कई सांसद मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ सांसदों ने सांकेतिक तौर पर दानपेटी को लेकर छीना-झपटी भी की, जिससे माहौल चर्चा का विषय बन गया।
संसद में भी जारी रहा हंगामा
दरअसल, संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन है। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच हंगामा देखने को मिला।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लगातार हो रहे हंगामे को लेकर सांसदों को चेतावनी दी और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की।

