भोपाल: भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। राजधानी के नीलम पार्क में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन में लगातार अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई प्रतिनिधि या अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा है।
आंदोलन में शामिल अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत पिछले तीन दिनों से अन्न और पानी त्यागकर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी और निराशा बढ़ रही है।
खाली पदों के बावजूद कम भर्ती का आरोप
अभ्यर्थियों का दावा है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के हजारों पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती 2025 में अपेक्षाकृत कम पद जारी किए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में मौजूद रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर पदों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।
ये भी पढ़े MP: उद्योग के लिए मिली जमीन पर चल रहे दूसरे कारोबार, 891 इकाइयों पर कार्रवाई; 387 की लीज रद्द
वर्ग-2 में 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाने की मांग
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-2 में कम से कम 10 हजार पद बढ़ाए जाएं। वहीं प्राथमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 25 हजार करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया और काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग भी कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने वर्ग-3 में विशेष शिक्षकों के बचे हुए रिक्त पदों को भी पात्र सामान्य अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
कई महीनों से जारी है प्रदर्शन
शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से भोपाल में अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन कर चुके हैं। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और वित्त मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे गए हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी वजह से अब आंदोलन को अनिश्चितकालीन कर दिया गया है।
सरकार से बातचीत और जल्द निर्णय की मांग
आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी होने के बावजूद भर्ती में पर्याप्त पद नहीं बढ़ाए जा रहे हैं। उनका तर्क है कि पदवृद्धि केवल रोजगार से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था से भी सीधे जुड़ा हुआ है।
अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द बातचीत कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

