भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महंगाई, किसानों की समस्याओं, शराब के अवैध कारोबार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान को भी याद किया।
पटवारी ने कहा कि खाद्य तेल, दाल, चीनी और दूध के दाम बढ़ने से आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है। वहीं किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने सरकार की कृषि नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान सस्ता बेच रहा है और उपभोक्ता महंगा खरीद रहा है।
शराबबंदी को लेकर पटवारी ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने अवैध और कथित जहरीली शराब के कारोबार पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाएगी।
शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र की मांग
पटवारी ने मध्य प्रदेश की स्कूली और उच्च शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि 8 दिन में सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस ‘दस्तक’ अभियान शुरू करेगी। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूलों तक पहुंचकर शिक्षकों की उपलब्धता, भवन, सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को सामने लाएंगे।
पटवारी ने कहा कि इसके बाद भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस प्रदेश के सभी संभागों में साइक्लोथॉन आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान, शिक्षा, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को कांग्रेस लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।

