लुधियाना। पंजाब के लुधियाना से सामने आए हाई-प्रोफाइल मर्डर केस ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर, जिन्हें छह दिन पहले कथित तौर पर गन पॉइंट पर अगवा किया गया था, उनका शव अब नीलो नहर से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद परिवार ने मौके पर पहुंचकर उनकी पहचान की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल में रखा गया है। मामले में परिवार ने हत्या और साजिश के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे केस की जांच में जुटी हुई है।
बाजार जाने के बाद नहीं लौटीं घर
परिजनों के मुताबिक, इंदर कौर 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार से घर से ग्रोसरी लेने निकली थीं। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान परिवार को शक हुआ कि मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा का इस मामले से संबंध हो सकता है।
शादी से इनकार बना हत्या की वजह?
बता दें मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सुखविंदर सिंह उनकी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन इंदर कौर ने इसके लिए साफ इनकार कर दिया था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथी करमजीत सिंह के साथ मिलकर इंदर कौर का अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया।
परिजनों का कहना है कि 15 मई को ही थाना जमालपुर में शिकायत दर्ज करवा दी गई थी और पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके साथी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपी फरार होने में सफल रहा। परिवार का दावा है कि मुख्य आरोपी हत्या के बाद कनाडा भाग गया है।
नहर में मिला शव
थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह के मुताबिक, पुलिस को नीलो नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया। परिवार द्वारा शव की पहचान इंदर कौर के रूप में किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस अब हत्या, अपहरण और फरारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के विदेश भागने की जानकारी मिलने के बाद इमिग्रेशन रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। मामले ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और स्थानीय लोगों के बीच भी गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।

