शेनझेन: चीन के शेनझेन में APEC समिट के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई। इस दौरान जिनपिंग ने पुतिन को अपना ‘पुराना दोस्त’ बताया और कहा कि दोनों नेताओं की यह 50वीं व्यक्तिगत मुलाकात है।
जिनपिंग ने कहा कि दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता के बीच रूस और चीन के रिश्ते स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस और चीन चाहते हैं कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र के सभी देश तरक्की करें और खुशहाल रहें।
डोनाल्ड ट्रम्प आज APEC समिट में शामिल होंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी आज APEC समिट में शामिल होने के लिए चीन पहुंचेंगे। उनकी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में व्यापार, टैरिफ, अमेरिकी सोयाबीन की खरीद और रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
APEC समिट के दौरान ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की त्रिपक्षीय बैठक को लेकर भी चर्चा है। अगर यह बैठक होती है, तो दुनिया की तीन बड़ी परमाणु ताकतों के नेता एक साथ बैठेंगे। हालांकि, इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ताइवान ने APEC के लिए अपना प्रतिनिधि चीन भेजा
ताइवान ने APEC समिट में हिस्सा लेने के लिए अपना प्रतिनिधि चीन भेजा है। कंप्यूटर कंपनी एसर के संस्थापक स्टैन शिह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन के शेनझेन पहुंच रहे हैं।
ताइवान की भागीदारी इसलिए अहम है, क्योंकि चीन उसे अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान खुद को एक स्वतंत्र देश मानता है।
ताइवान 1991 में ‘चाइनीज ताइपे’ नाम से APEC में शामिल हुआ था। सीमित राजनयिक मान्यता के बावजूद उसे संगठन में पूर्ण सदस्यता मिली हुई है। APEC में 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: बर्ड फ्लू से इंसानों को मिलेगी सुरक्षा! भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाई देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन
ट्रम्प बोले- फिलीपींस के साथ सबसे बड़ी ट्रेड डील हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनके और फिलीपींस के राष्ट्रपति के नेतृत्व में दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं।
ट्रम्प ने ऐलान किया कि अमेरिका और फिलीपींस ने अब तक का अपना सबसे बड़ा व्यापार समझौता पूरा कर लिया है। उन्होंने यह घोषणा मनीला के मलाकानांग पैलेस में राष्ट्रपति मार्कोस की ओर से दिए गए दोपहर के लंच के दौरान की। समझौते की शर्तों और दूसरी जानकारी नहीं दी गई है।

