उज्जैन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सितंबर में उज्जैन का दौरा कर सकते हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान वे उज्जैन संभाग के उन कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, जिनकी नियुक्ति संगठन सृजन अभियान के तहत की गई है। कार्यक्रम में उज्जैन के अलावा रतलाम, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस संगठन ने शुरू की तैयारियां
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे की जानकारी सामने आने के बाद उज्जैन कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने अभी कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
ये भी पढ़े
परीक्षा के 45 दिन पहले अचानक बदल दिया कॉमर्स स्नातक अभ्यर्थियों की परीक्षा का पाठ्यक्रम
क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड संभावित स्थल
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए उज्जैन में क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासन से जिस स्थान की अनुमति मिलेगी, कार्यक्रम वहीं आयोजित किया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल पर डोम तैयार किए जाने की योजना है।
संगठन की जमीनी स्थिति पर होगी चर्चा
प्रस्तावित बैठक में राहुल गांधी उज्जैन संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन की जमीनी स्थिति को लेकर चर्चा करेंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य, मंडलम अध्यक्ष और कार्यकारिणी, ग्राम पंचायत अध्यक्ष तथा बीएलए-2 सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं।
पंचायत और मंडलम पदाधिकारियों से भी संवाद
राहुल गांधी पंचायत कमेटी के अध्यक्षों और मंडलम कमेटी के पदाधिकारियों से भी बातचीत कर सकते हैं। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, बूथ और पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
दौरे की तारीख अभी तय नहीं
हालांकि राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की तारीख अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है। उज्जैन के बाद रीवा संभाग में भी इसी तरह का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है, लेकिन वहां की तारीख भी फिलहाल तय नहीं है।
महाकाल मंदिर जाने की भी संभावना
राहुल गांधी के उज्जैन दौरे के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। राहुल गांधी पहले भी उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। इस बार वे कार्यक्रम से पहले मंदिर जाएंगे या कार्यक्रम के बाद, इसे लेकर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

