कार्यक्रम में 50 हजार युवाओं को जुटाने की तैयारी
इंदौर,मप्र | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके लिए पार्टी करीब 50,000 विद्यार्थियों को जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के अनुसार, यह कार्यक्रम छात्रों की समस्याओं को सुनने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। देश के विभिन्न शैक्षणिक केंद्रों में चलाए जा रहे इस देशव्यापी अभियान के माध्यम से कांग्रेस पेपर लीक, महंगी शिक्षा, भर्ती अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भाजपा को घेरने की रणनीति बना रही है
छात्रों की गूंज कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी छात्र संवाद और आउटरीच अभियान
छात्रों की गूंज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया एक राष्ट्रव्यापी छात्र संवाद और आउटरीच अभियान है।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं को सुनना है। यह अभियान मुख्य रूप से पेपर लीक परीक्षा की अनियमितताओं, बढ़ती फीस और बेरोजगारी जैसे मुद्दों के खिलाफ एक छात्र आंदोलन के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेष रुप से महिला छात्राओं को प्राथमिकता दी जाती है
इस कार्यक्रम के कई चरणों में विशेष रूप से महिला छात्राओं और उनके मुद्दों को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे महिलाओं और युवाओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाया जा सके यह कार्यक्रम कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे जैसे विभिन्न शहरों में आयोजित किया जा चुका है तथा इसके आगामी चरण अन्य शहरों में भी आयोजित किए जा रहे हैं।

