नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। पत्र में राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन के इस्तेमाल और सामान्य कपड़ों में मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर दो अहम सवाल उठाए हैं।
अमित शाह से पूछे दो सवाल
राहुल गांधी ने अपने पत्र में पूछा कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। उन्होंने सवाल किया कि यदि यह आदेश गृह मंत्रालय की ओर से नहीं दिया गया, तो इसकी अनुमति किसने दी?
दूसरे सवाल में राहुल गांधी ने उन लोगों की पहचान को लेकर जवाब मांगा, जो प्रदर्शन के दौरान सामान्य कपड़ों में मौजूद थे और लाठीचार्ज करते दिखाई दिए। उन्होंने पूछा कि क्या वे पुलिसकर्मी थे या स्वयंसेवक, और उनकी तैनाती किसके निर्देश पर की गई थी।
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों से संवाद करने के बजाय सुरक्षा बलों ने उन पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों छात्र घायल हुए और कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने यह भी कहा कि 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब की एक आंख की रोशनी चली गई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के निजी अंगों को भी जानबूझकर निशाना बनाया गया।
ये भी पढ़े
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, जंतर-मंतर पर जश्न में बदला प्रदर्शन
प्रदर्शन के बाद शिक्षा सुधार की मांग
इस बीच, दिल्ली के जंतर-मंतर पर क्रांतिकारी जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन समाप्त हो चुका है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पांच प्रमुख मांगें रखीं।
इन मांगों में पेपर लीक के दोषियों को 10 वर्ष की सजा, उनकी संपत्ति जब्त करने, नया राष्ट्रीय टेस्टिंग आयोग (नेशनल टेस्टिंग कमीशन) गठित करने और भर्ती प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं पारदर्शी बनाने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
पहले भी साध चुके हैं निशाना
इससे पहले राहुल गांधी ने अपने आवास 10 जनपथ पर प्रदर्शन में घायल एक छात्र के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने छात्र के हाथ, पीठ और सीने पर लगी चोटों को दिखाते हुए कहा कि वह तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तभी पैलेट गन का शिकार हुआ।
राहुल गांधी ने उस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि वे देश की शिक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बन चुके हैं और इसी कारण हजारों छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए।

