जबलपुर: डुमना एयरपोर्ट की करीब 450 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नई टर्मिनल बिल्डिंग में बारिश के दौरान व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। बारिश के दौरान मुख्य प्रवेश द्वार के ऊपर लगी फैब्रिक कैनोपी में पानी भर गया। इसके बाद पानी नीचे फर्श पर टपकने लगा और प्रवेश द्वार के पास का हिस्सा गीला हो गया।
फर्श पर फिसलन बढ़ने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने वहां चेतावनी बोर्ड लगा दिया। बोर्ड पर यात्रियों को ‘फर्श गीला है, संभलकर चलें’ की चेतावनी दी गई। वहीं, डी-1 गेट को बंद कर यात्रियों के आने-जाने के लिए डी-2 गेट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कैनोपी में पानी भरने से बंद करना पड़ा गेट
बारिश के दौरान मुख्य गेट के ऊपर लगी फैब्रिक कैनोपी में पानी जमा हो गया था। पानी लगातार नीचे आने के कारण प्रवेश द्वार के पास फर्श गीला हो गया। ऐसे में किसी यात्री के फिसलने की आशंका को देखते हुए प्रबंधन ने डी-1 गेट बंद कर दिया।
एयरपोर्ट प्रभारी डायरेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कैनोपी में पानी भर गया था। इसकी रिपेयरिंग का काम चल रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए डी-2 गेट से आवाजाही कराई जा रही है।
पहले भी गिर चुकी है कैनोपी
डुमना एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग की कैनोपी को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 27 जून 2024 को तेज बारिश के दौरान ड्रॉप एंड गो एरिया की फैब्रिक कैनोपी का एक हिस्सा अचानक गिर गया था।
इस दौरान आयकर विभाग के एक अधिकारी को लेने आई कार कैनोपी के मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। राहत की बात यह रही कि घटना से कुछ मिनट पहले अधिकारी और ड्राइवर कार से निकलकर टर्मिनल के अंदर चले गए थे। इससे बड़ा हादसा टल गया था।
450 करोड़ की परियोजना, फिर भी बारिश में परेशानी
नई टर्मिनल बिल्डिंग पर करीब 450 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद बारिश के दौरान पानी टपकने की स्थिति सामने आने पर निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वायु सेवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने एयरपोर्ट के निर्माण और मौजूदा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच के साथ ऑडिट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि एयरपोर्ट किसी भी शहर में आने वाले यात्रियों के लिए पहली छवि बनाता है। ऐसे में प्रवेश द्वार पर पानी टपकना और गीला फर्श मिलना गंभीर विषय है।
उन्होंने एयरपोर्ट की सुविधाओं और रैंकिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक हालिया कस्टमर सेटिस्फेक्शन इंडेक्स में जबलपुर एयरपोर्ट देशभर में 22वें स्थान पर रहा है।
यह भी पढ़े : इंदौर में पर्यावरण के लिए आज कदम बढ़ाएगा शहर, रीजनल पार्क से निकलेगी ‘Walk for a Green Tomorrow’
NKG कंपनी ने किया था निर्माण
डुमना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के साथ एटीसी टावर, फायर स्टेशन और अन्य आधुनिकीकरण कार्य का ठेका दिल्ली की मेसर्स एनकेजी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को दिया गया था।
परियोजना के तहत करीब 1.15 लाख वर्गफुट में टर्मिनल भवन बनाया गया है। इसमें तीन एयरोब्रिज, आधुनिक बैगेज स्क्रीनिंग सिस्टम, फूड कोर्ट और 250 से ज्यादा कारों व बसों की पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
पुरानी घटना की जांच अब भी जारी
एयरपोर्ट प्रभारी डायरेक्टर नीरज कुमार के मुताबिक जून 2024 में कैनोपी गिरने की घटना की जांच चल रही है। एनकेजी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई का मामला भी मुख्यालय स्तर पर है।
वर्तमान में कैनोपी की मरम्मत का काम दूसरी कंपनी को दिया गया है। इसी बीच बारिश में दोबारा कैनोपी से पानी टपकने की घटना ने एयरपोर्ट की व्यवस्था को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।
विस्तार के बाद भी सात उड़ानों का संचालन
डुमना एयरपोर्ट के विस्तार के समय यहां से उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि फिलहाल एयरपोर्ट से सात फ्लाइट संचालित हो रही हैं। इनमें इंदौर, हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानें शामिल हैं।
वहीं, बिलासपुर और जगदलपुर के लिए संचालित होने वाली फ्लाइट फिलहाल बंद हो चुकी हैं।

