राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारी बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। पडाना गांव के पास उफनते नाले को पार करने की कोशिश में 11 लोगों से भरी ईको वैन तेज बहाव में बह गई। हादसे में नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद मौके पर SDRF और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
पुल पर भरा था बारिश का पानी, ग्रामीणों ने भी रोका था
बताया जा रहा है कि परिवार देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। ईको वैन देवास से नए बने बायपास के रास्ते आगे बढ़ रही थी। पडाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। लगातार बारिश के कारण नाले का पानी सड़क और पुल के ऊपर से बह रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पानी का बहाव काफी तेज था। उन्होंने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। कुछ ही दूरी पर वैन तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पानी में बह गई।
एक ही परिवार के 11 लोग थे सवार
ईको वैन में एक ही परिवार के तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे सवार थे। वाहन सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। हादसे के समय मुकेश ही वाहन चला रहा था।
हादसे के दौरान मुकेश और उसके चाचा हुकुम सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर अपनी जान बचाई। दोनों हादसे के बाद सदमे में बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू में बरामद किए गए शव
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू बोट और रस्सियों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। टीम ने पानी से शव बरामद किए। हादसे की सूचना धांसड़ गांव पहुंचते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम न लें। लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
CM मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश जारी रखने के निर्देश भी दिए हैं।

