सतना/चित्रकूट: मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले कई घंटों से जारी तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सतना के नागौद थाने में बारिश का पानी घुस गया, जबकि चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी सड़कों तक पहुंच गया।
हालात इतने बिगड़े कि कुछ स्थानों पर सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई।
सतना के बिरसिंहपुर, कोटर और नागौद के कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। कई घरों में भी बारिश का पानी घुसने की सूचना है। नागौद के सिंहपुर चौराहे पर स्थित बागरी पेट्रोल पंप भी जलभराव की चपेट में आ गया।
कोठी में मकान गिरा, दो भैंसों की मौत
सतना जिले के कोठी क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुलुवा में लगातार बारिश के बीच एक मकान गिर गया। मलबे में चार भैंस दब गईं, जिनमें से दो की मौत हो गई। बाकी पशुओं को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
चित्रकूट में मंदाकिनी का पानी सड़कों तक
चित्रकूट में लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। नदी का पानी सड़कों तक पहुंचने के बाद कई हिस्सों में आवागमन प्रभावित हुआ। सड़कों पर पानी भरने के कारण नाव चलाने की स्थिति बन गई है। सती अनसूया क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी रेलिंग तक पहुंच गया है।
अगले चार दिन बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। शनिवार को रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल में रिमझिम बारिश होने की संभावना है। वहीं इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की संभावना फिलहाल कम है। जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार प्रदेश के आसपास निम्न दाब क्षेत्र और मानसून ट्रफ सक्रिय है। हालांकि, इन सिस्टम का प्रभाव पूरे मध्य प्रदेश में एक समान नहीं है। इसी वजह से सभी जिलों में एक जैसी बारिश होने की संभावना नहीं है।
सामान्य से 2.6 इंच कम बारिश
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 683.9 मिलीमीटर यानी 26.9 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश 750.9 मिलीमीटर यानी 29.5 इंच से करीब 2.6 इंच कम है। प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश 6 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में करीब 12 प्रतिशत औसत से कम दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण सतना और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन को जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए रखनी पड़ रही है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से भी निचले इलाकों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

