रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी पर गोली चला दी। गोली प्रहरी दिग्विजय सिंह के पीठ के ऊपरी हिस्से में लगी और फेफड़े के निचले हिस्से में जाकर फंस गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले रायसेन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एम्स भोपाल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के लिए फलों की टोकरी लेकर गेट पर पहुंचा था कैदी
जानकारी के अनुसार, विचाराधीन कैदी नीलेश ठाकुर बुधवार सुबह जेल के गेट के पास फलों की टोकरी लेकर पहुंचा था। जेल में रक्षाबंधन कार्यक्रम होना था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जेल से भागने की कोशिश की।
प्रहरी दिग्विजय सिंह ने उसे रोकने का प्रयास किया तो नीलेश ने कट्टे से उन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही प्रहरी घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
302 और 307 के मामले में आरोपी है नीलेश
पुलिस के मुताबिक, नीलेश ठाकुर रायसेन के दिमाड़ा गांव का रहने वाला है और पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास यानी धारा 302 और 307 के मामले दर्ज हैं। वह इन्हीं मामलों में विचाराधीन कैदी के रूप में जिला जेल में बंद था।
फेफड़े में फंसी गोली, जमा हो रहा पानी
गोली लगने के बाद दिग्विजय सिंह को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान एक्स-रे में गोली फेफड़े के निचले हिस्से में फंसी हुई दिखाई दी। बताया जा रहा है कि चोट के कारण फेफड़े में पानी भी जमा होने लगा है।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स रेफर किया।
जेल के अंदर कट्टा पहुंचने पर उठे सवाल
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि विचाराधीन कैदी के पास अवैध हथियार कैसे पहुंचा और उसने जेल परिसर में उसे छिपाकर कैसे रखा? जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि घायल जेल प्रहरी को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी पहले से 302 और 307 के मामलों में आरोपी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार जेल के अंदर कैसे पहुंचा।
जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जिला जेल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह में विचाराधीन कैदी के पास हथियार पहुंचने और फायरिंग की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ यह भी जांच कर रही है कि उसे हथियार किसने उपलब्ध कराया और जेल परिसर तक हथियार पहुंचाने में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

