भोपाल: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को बीजेपी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। उनके राज्यसभा का मौजूदा कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है। इससे पहले बुधवार (28 अक्टूबर) को बीजेपी ने उन्हें एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट से टिकट देने का ऐलान किया।
12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे
एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट से वो राज्यसभा जाएंगे। चुनाव आयोग (ECI) ने गुरुवार (22 अक्टूबर) को मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की घोषणा की थी। यहां 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने की घोषणा
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करते हुए इसकी जानकारी दी। इस उपचुनाव के जरिए मध्य प्रदेश से राज्यसभा की खाली हुई सीट को भरा जाएगा।
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की कितनी सीटें?
कुल सीटें: 11, अब एक रिक्त
भाजपा: 7 सांसद
कांग्रेस: 3 सांसद
खाली सीट: 1
चुनाव जीतने के लिए कितने विधायकों का समर्थन चाहिए?
230 सदस्यीय विधानसभा में एक सीट जीतने के लिए 116 मतों का कोटा। मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं। यदि सभी विधायक मतदान करें और कोई मत अवैध न हो, तो एक राज्यसभा सीट के चुनाव में जीत के लिए आवश्यक मतों का कोटा 116 होगा।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद देवी तालाब संरक्षण पर NGT की अहम कार्रवाई, क्या निवेशकों के प्लॉट के पैसे गए पानी में?
हरदीप सिंह पुरी का राजनीतिक और प्रशासनिक करियर
हरदीप सिंह पुरी ने भारतीय विदेश सेवा (IFS) में रहकर कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत के स्थायी प्रतिनिधि भी रहे। जनवरी 2014 में वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए।
उन्होंने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, नागरिक उड्डयन (स्वतंत्र प्रभार) और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में जिम्मेदारियां संभाली हैं।


