अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पहली बार एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत और एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर रामजन्मभूमि कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एफआईआर में नामजद सभी 8 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें एफआईआर में मंदिर के चढ़ावे की नकदी और बहुमूल्य वस्तुओं के कथित गबन, धोखाधड़ी, फर्जी चेक और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि एसआईटी की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
ये हैं एफआईआर में नामजद 8 आरोपी
एफआईआर में जिन आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं—
- रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू
- लवकुश मिश्रा
- अनुकल्प मिश्रा
- अविनाश शुक्ला
- मनीष कुमार यादव
- रामाशंकर मिश्रा
- सुभाष श्रीवास्तव
- करुणेश पांडेय
इसके अलावा एफआईआर में कुछ अज्ञात व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
विश्वास की नींव पारदर्शिता से ही मजबूत होगी
सभी आरोपी हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर रामजन्मभूमि थाने में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जांच एजेंसियां बैंक रिकॉर्ड, नकदी गणना, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
एफआईआर में चोरी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी की संपत्ति को छिपाने, आपराधिक साजिश और साझा आपराधिक मंशा से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला अभी जांच के अधीन है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, वित्तीय दस्तावेज और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

