लखनऊ: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। आठ गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ करीब सात हजार पन्नों की केस डायरी तैयार की गई है। पुलिस 22 या 23 सितंबर को मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
सीसीटीवी से लेकर बरामद सामान तक साक्ष्य
चार्जशीट में आरोपियों के बयान, घटनास्थल के साक्ष्य, मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज, बरामद नकदी, वाहन, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल किए गए हैं। पुलिस इन सभी साक्ष्यों का आपसी मिलान कर आरोपियों की भूमिका को अंतिम रूप दे रही है।
जोन स्तर पर भी जांच के प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा हो चुकी है। चार्जशीट दाखिल करने से पहले केस डायरी में शामिल साक्ष्यों की कानूनी मजबूती की जांच की जा रही है।
शुरुआती जांच में मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के दौरान 27 अप्रैल से 5 जून के बीच 70 से अधिक बार चढ़ावे की रकम को छिपाने या निकालने की गतिविधियां सामने आने की बात कही गई थी।
यह भी पढ़े : तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दी 19 से ज्यादा गायें, 15 ने मौके पर तोड़ा दम;इंसानियत और व्यवस्था दोनों कटघरे में
चोरी के बाद फिर बढ़ने लगी विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आई थी। अब विदेशी श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर बढ़ने लगी है। शुक्रवार को अमेरिका से आए 10 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। इनमें सात महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे।
मंदिर में नई व्यवस्थाओं और पारदर्शिता से जुड़े बदलावों के बीच श्रद्धालुओं का भरोसा लौटने की बात कही जा रही है।

