बालाघाट: जिले की राजनीति में कांग्रेस संगठन ने अनुशासनहीनता के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए रामकुमार नागपुरे को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। धन्वंतरी ज्वेलर्स, खैरी रोड, खैरलांजी निवासी रामकुमार नागपुरे को जारी निष्कासन आदेश के अनुसार यह कार्रवाई 26 अक्टूबर 2026 को खैरलांजी में आयोजित शरद पूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके कथित आपत्तिजनक भाषण को लेकर की गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक संजय उइके द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान रामकुमार नागपुरे ने स्थानीय विधायक विवेक उर्फ विक्की पटेल के विरुद्ध मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। संगठन ने इस कृत्य को पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादाओं के विरुद्ध मानते हुए पार्टी विरोधी गतिविधि की श्रेणी में रखा है।
निष्कासन आदेश में कांग्रेस ने इसे अनुशासनहीनता बताया है। इसी आधार पर उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है।
यह भी पढ़ें: भाजपा ने दागी को बनाया बालाघाट भाजयुमो जिलाध्यक्ष!
इस कार्रवाई के बाद खैरलांजी सहित जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि स्थानीय विधायक के खिलाफ सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणी को संगठन ने गंभीरता से लिया और अनुशासन के मामले में कठोर निर्णय लिया।
राजनीतिक संदेश स्पष्ट है, कांग्रेस संगठन में रहते हुए सार्वजनिक मंचों से पार्टी नेतृत्व और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की जाने वाली बयानबाजी अब संगठनात्मक कार्रवाई का कारण बन सकती है।

