मुंबई। बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ रिलीज से ठीक पहले विवादों में आ गई है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली इस फिल्म का 18 मार्च को पेड प्रीव्यू रखा गया है, लेकिन उससे पहले ही सिख समुदाय के कुछ संगठनों ने फिल्म के एक दृश्य को लेकर कड़ा विरोध जताया है।
किरदार पर उठे सवाल
बता दें फिल्म में रणवीर सिंह एक सिख जासूस का किरदार निभा रहे हैं। आरोप है कि फिल्म के एक दृश्य में उनके किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है। सिख समुदाय का कहना है कि सिख धर्म में तंबाकू और धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है, ऐसे में इस तरह का दृश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
CBFC और मंत्रालय को भेजा गया लीगल नोटिस
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने इस मामले में फिल्म निर्माताओं और रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लीगल नोटिस भेजकर फिल्म से आपत्ति जनक दृश्यों को हटाने की मांग की है। साथ ही नोटिस में कहा गया है कि अगर ट्रेलर, पोस्टर या किसी भी प्रचार सामग्री में सिख किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है, तो उसे तुरंत हटाया जाए। साथ ही फिल्म के मेकर्स से सिख समुदाय से सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग की गई है।
फिल्म की कहानी में क्या है खास
सूत्रों के अनुसार, फिल्म में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी नाम के एक काल्पनिक जासूस का किरदार निभा रहे हैं। कहानी के अनुसार वह ‘हमजा अली’ बनकर पाकिस्तान में घुसपैठ करता है और दुश्मनों के बीच रहकर भारत के लिए खुफिया जानकारी जुटाता है। फिल्म के पहले भाग में उसके कैदी बनने और जासूस बनने की कहानी दिखाई गई थी, जबकि दूसरे भाग में उसके मिशन और जिंदगी से जुड़े कई बड़े रहस्यों के खुलने की कहानी दिखाई जाएगी।
फिल्म रिलीज से पहले उठे इस विवाद ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फिल्म के मेकर्स इस मामले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या विवाद का असर फिल्म की रिलीज पर पड़ता है या नहीं।


