अशोकनगर। जिला अस्पताल एक बार फिर लापरवाही के कारण सुर्खियों में है। अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में चूहों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि भर्ती मरीज उपचार से ज्यादा डर में रात गुजार रहे हैं। मरीजों के अनुसार चूहे रात होते ही वार्ड में खुलेआम दौड़ते हैं, कभी कंबल में घुस जाते हैं, कभी खाने के थैलों में, तो कभी सो रहे मरीजों के ऊपर चढ़ जाते हैं।
दिन में भी चूहों की आवाजाही जारी रहती है, लेकिन रात में उनकी संख्या कई गुना बढ़ जाती है। संवेदनशील सर्जिकल वार्ड में ही चूहों ने बिल बनाकर ठिकाने बना लिए हैं। मरीज बताते हैं कि कई बार अचानक चूहे कूद पड़ते हैं, जिससे वे घबरा जाते हैं।
अस्पताल भवन के बाहर भी बड़ी संख्या में चूहों ने बिल बना लिए हैं, जिससे संरचना को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पहले पिंजरे और स्प्रे का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
अशोकनगर जिला अस्पताल में चूहों का आतंक, सर्जिकल वार्ड में मरीजों की रातें दहशत में


