मुंबई: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म एक भव्य ऐतिहासिक कहानी पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म के नए पोस्टर के साथ मेकर्स ने इसकी ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज की तारीख का ऐलान किया है।
16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
‘रणबाली’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें विजय देवरकोंडा का इंटेंस और रॉ पीरियड लुक देखने को मिल रहा है।
पोस्टर में आग और धुएं से भरे माहौल के बीच विजय का किरदार बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आ रहा है। उनके हाथ में एक भारी घुमावदार हथियार भी दिखाई दे रहा है। मेकर्स ने पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी साझा करते हुए इसे इतिहास के एक अंधकारमय अध्याय की कहानी बताया है।
राहुल संकृत्यायन ने किया निर्देशन
फिल्म का निर्देशन राहुल संकृत्यायन ने किया है। ‘रणबाली’ के जरिए दर्शकों को एक ऐतिहासिक और रोमांचक कहानी देखने को मिल सकती है। फिल्म की शुरुआती झलक सामने आने के बाद से ही फैंस इसके लिए उत्साहित हैं।
विजय-रश्मिका की जोड़ी फिर साथ
फिल्म में विजय देवरकोंडा के साथ रश्मिका मंदाना मुख्य महिला भूमिका में नजर आएंगी। दोनों इससे पहले भी स्क्रीन पर साथ दिखाई दे चुके हैं और उनकी जोड़ी को दर्शकों की ओर से पसंद किया गया है। फिल्म में इंटरनेशनल अभिनेता अर्नोल्ड वॉस्लू भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
मेकर्स ने दशहरे के आसपास फिल्म को रिलीज करने का फैसला किया है, ऐसे में ‘रणबाली’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ने की उम्मीद है।

