नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बीच ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक समेत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने इन तीन दिनों के दौरान एटीएम से कैश निकालने पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क को माफ करने का फैसला किया है।
इसका मतलब है कि ग्राहक अपनी निर्धारित मासिक मुफ्त एटीएम निकासी सीमा पूरी होने के बाद भी 28 से 30 सितंबर के बीच किसी भी बैंक के एटीएम से नकदी निकाल सकेंगे और अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी है।
रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक
हड़ताल से पहले लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को रविवार को भी सामान्य रूप से संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देना है।
डिजिटल सेवाएं रहेंगी जारी
हड़ताल का मुख्य असर बैंक शाखाओं के कामकाज पर पड़ने की संभावना है। UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, IMPS, NEFT और RTGS जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। बैंकों ने एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने के लिए भी इंतजाम किए हैं।
यह भी पढ़ें: 80% पर पहुंचा CD Ratio, फिर भी सेफ हैं बैंक; RBI बुलेटिन में पूरी तस्वीर
5 दिन काम समेत कई मांगें
हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने किया है। बैंक कर्मचारी संगठन पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने, पेंशन में सुधार, पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता और NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना चुनने का विकल्प देने समेत कई मांगें उठा रहे हैं। हड़ताल छमाही खाताबंदी के समय होने के कारण बैंकिंग कामकाज पर इसका असर पड़ सकता है।

