नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पटना में थाने में शिकायत दर्ज
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है।
बीजेपी बोली-यह गुंडे मवालियों की भाषा
बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।
अमित शाह क्या बोले?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।
शाह ने कहा, यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें मौत का सौदागर कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।
ये भी पढे़ं: इंदौर के हेड कॉन्स्टेबल की 51 संपत्तियां, अनुमानित कीमत 68 करोड़ रुपये; ईडी की जांच संभव
वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, “पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूज्य पिताजी के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं। कांग्रेस देश से माफी मांगे!”

