नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रह सकती हैं। बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आबकारी विभाग से दो दिन के लिए ड्राई डे घोषित करने का अनुरोध किया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), छात्र संगठनों और अन्य समूहों ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका के चलते पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में इंतजाम तेज कर दिए हैं, साथ ही सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस ने सुरक्षा कारणों से CJP के प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार किया है, लेकिन संगठनों का कहना है कि वे आंदोलन जारी रखेंगे।
दो दिन ड्राई डे लागू होने से क्या होगा असर?
सामने आई खबरों के अनुसार, दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी है। यदि आबकारी विभाग की ओर से आदेश जारी होता है, तो तय अवधि में शराब की खुदरा दुकानें बंद रहेंगी।
हालांकि, ड्राई डे के दौरान होटल, बार और रेस्तरां में शराब परोसने के नियम अलग हो सकते हैं। इन पर रोक लागू होगी या नहीं, यह संबंधित आदेश की शर्तों से स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें: GST काउंसिल की बैठक में कई बड़े फैसले, छोटे कारोबारियों को राहत और टैक्स प्रक्रिया होगी आसान
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दल और विभिन्न संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठा रहे हैं। विरोध कर रहे संगठनों की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है।
अब 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वहीं शराब की दुकानों को दो दिन बंद रखने संबंधी अंतिम स्थिति आबकारी विभाग के आधिकारिक आदेश से ही स्पष्ट होगी।

