भोपाल: राजधानी भोपाल में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का खतरा अब घरों के अंदर भी बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के संयुक्त सर्वे में शहर के 4,208 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला है। टीमों ने अब तक 89 हजार 702 घरों की जांच की है। इस दौरान 6 लाख 38 हजार 591 पानी के कंटेनरों की पड़ताल की गई, जिनमें 5,023 में लार्वा पाया गया। टीमों ने मौके पर ही लार्वा नष्ट किया। इसके बावजूद जिले में इस साल डेंगू के 206 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि मलेरिया के 13 मरीज मिले हैं।
कूलर, गमले और टंकियों में पनप रहे मच्छर
सितंबर से शुरू हुए अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पानी जमा होने वाली जगहों की जांच कर रही हैं। कूलर, गमले, पानी की टंकियां और अन्य जल पात्र मच्छरों के प्रजनन का ठिकाना बन रहे हैं। खास बात यह है कि डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में भी पनपते हैं। ऐसे में घरों के भीतर जमा पानी भी संक्रमण का बड़ा कारण बन सकता है।
विभाग की ओर से लोगों को कूलर का पानी नियमित रूप से बदलने, पानी की टंकियों को ढंककर रखने और गमलों व अन्य बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है।
लापरवाही पर नगर निगम लगाएगा जुर्माना
डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम ने अभियान में सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। नियमों का पालन नहीं करने वाले घरों और संस्थानों के खिलाफ मौके पर ही जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें लार्वा नष्ट करने के साथ फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में 8.19 लाख नए मतदाता जुड़े, संख्या 5.48 करोड़ के करीब पहुंची
जल स्रोतों में छोड़ीं 1.05 लाख गैम्बोसिया मछलियां
मच्छरों के प्रजनन पर प्राकृतिक तरीके से नियंत्रण के लिए जिले के स्थायी और अस्थायी जल स्रोतों में 1 लाख 5 हजार गैम्बोसिया मछलियां छोड़ी गई हैं। ये मछलियां पानी में मौजूद मच्छरों के लार्वा को खाती हैं, जिससे उनकी संख्या नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। बुखार आने पर लापरवाही करने के बजाय तत्काल जांच कराएं, ताकि डेंगू और मलेरिया की समय पर पहचान और उपचार हो सके।

