जयपुर। आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने सबसे अहम मोड़ पर पहुंच चुका है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए आज Rajasthan Royals को हर हाल में जीत चाहिए और ऐसे में सबकी निगाहें टीम के सबसे विस्फोटक युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिक गई हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना Lucknow Super Giants से होगा। लेकिन इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा सिर्फ मुकाबला नहीं, बल्कि ‘पिच नंबर 5’ है… वही पिच, जहां वैभव ने इस सीजन गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया था।
आखिर क्या है ‘पिच नंबर 5’ का कनेक्शन?
बता दें जयपुर की जिस पिच नंबर 5 पर आज मुकाबला खेला जाएगा, वहीं इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में 103 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उस इनिंग में उन्होंने 12 लंबे छक्के उड़ाकर पूरे आईपीएल में सनसनी मचा दी थी। अब उसी मैदान और उसी ट्रैक पर उनकी वापसी ने फैंस का एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दिया है।
15साल की उम्र… लेकिन खेल दिग्गजों वाला
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक युवा खिलाड़ी नहीं, बल्कि राजस्थान की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरे हैं। अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में वो 486 रन बना चुके हैं, 40.50 की शानदार औसत रखते हैं। 234 से अधिक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं और 43 छक्के लगा चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने इस सीजन तीन बार 15 या उससे कम गेंदों में फिफ्टी पूरी की है, जो आईपीएल इतिहास में बेहद दुर्लभ रिकॉर्ड माना जा रहा है।
आज टूट सकता है एक और रिकॉर्ड
अगर वैभव आज सिर्फ 14 रन बना लेते हैं, तो वह आईपीएल 2026 में 500 रन पूरे कर लेंगे। इसके साथ ही वह सबसे कम गेंदों में 500 आईपीएल रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में और ऊपर पहुंच सकते हैं। फिलहाल उन्होंने सिर्फ 227 गेंदों में 500 रन के करीब पहुंचकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स को हैरान कर दिया है।
अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ चुके
दिल्ली के खिलाफ पिछले मुकाबले में तीन छक्के लगाते ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अभिषेक शर्मा का 42 छक्कों वाला रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया और अब उनके नाम 43 सिक्स दर्ज हो चुके हैं।
राजस्थान के लिए करो या मरो मुकाबला
लगातार तीन हार के बाद राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच चुकी है। अगर टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखनी हैं, तो आज का मैच जीतना बेहद जरूरी होगा। ऐसे में कप्तान रियान पराग और टीम मैनेजमेंट को वैभव से एक और मैच विनिंग इनिंग की उम्मीद होगी।
LSG की गेंदबाजी पर सबसे बड़ा दबाव
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती वैभव को रोकना होगी। टीम के पास मोहम्मद शमी, आवेश खान और मयंक यादव जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन जयपुर की फ्लैट पिच पर वैभव का आक्रामक अंदाज मैच का रुख बदल सकता है।
फैंस को उम्मीद है कि पिच नंबर 5 पर आज फिर चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। अगर वैभव शुरुआत में टिक गए, तो लखनऊ के गेंदबाजों के लिए यह मुकाबला बेहद मुश्किल साबित हो सकता है।

