भोपाल: राजधानी भोपाल में दीपावली मनाने गांव गए बिल्डर के सूने मकान को तीन नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश पांच ताले तोड़कर घर में दाखिल हुए और करीब 33 लाख 45 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में तीनों बदमाश घर में घुसते और वारदात के बाद भागते नजर आ रहे हैं। कोहेफिजा पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बिल्डर अरविंद सिंह गुर्जर (42) एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्र विहार कॉलोनी के ब्लॉक-12 में परिवार के साथ रहते हैं। वे ठेकेदारी का काम भी करते हैं। 7 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे वे परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने गांव गोहद खर्रौआ, जिला भिंड गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने मुख्य गेट, कमरों और अलमारी में ताले लगा दिए थे।
29 लाख के सोने के जेवर ले गए
परिवार शुक्रवार देर रात भोपाल लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरों और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी से पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिली।
बदमाश करीब 29 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर, 3 लाख 40 हजार रुपये की करीब पौने दो किलो चांदी और 1 लाख 5 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 33 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़ें: आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी-डिप्टी सीएम शुक्ल
CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश
सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश पहले कॉलोनी में घूमते और फिर मकान में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद वे कॉलोनी से भागते भी नजर आए। शिकायत मिलने के बाद कोहेफिजा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगा रही है।

