भोपाल: धार्मिक यात्रा पर गए किसान के सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। सिकंदराबाद गांव में चोर सोने-चांदी के जेवर और गुल्लकों में रखी नकदी ले गए। परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत 50 लाख रुपये बताते हुए आरोपियों का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। हालांकि, पुलिस ने चोरी के दावे और घटनाक्रम पर संदेह जताया है।
यात्रा से लौटा परिवार, घर से जेवर और नकदी गायब
पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद गांव निवासी 42 वर्षीय किसान फूल सिंह साहू का परिवार दो दिन पहले ओरछा की धार्मिक यात्रा पर गया था। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। घर लौटने पर परिवार को चोरी का पता चला।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, घर से रानी हार, गले के दो हार, चार टॉप्स, पांचाली, सोने की चूड़ियां, तीन अंगूठियां, बिंदिया, मंगलसूत्र और सोने की चेन सहित कई आभूषण चोरी हुए हैं। इसके अलावा चांदी का करधौना और चेन भी गायब हैं।
परिवार ने बताया कि घर में रखी नौ गुल्लकों में करीब नौ लाख रुपये जमा थे। ये रुपये भी चोरी हो गए। पीड़ित पक्ष ने चोरी गए सामान की सूची पुलिस को सौंप दी है। परिवार ने आरोपियों का सुराग देने या उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
चोरी की रकम और घटनाक्रम पर पुलिस को संदेह
परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष से चोरी गए सामान की सूची मिली है। पुलिस को चोरी गई संपत्ति और घटनाक्रम को लेकर संदेह है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने 24 घंटे में स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। फिलहाल चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होना बाकी है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान के चूरू में कार-ट्रक की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के पांच समेत छह की मौत
बुजुर्ग के घर से नल का वाल्व और सीवेज के ढक्कन चोरी
भोपाल की अरविंद विहार कॉलोनी में भी चोरी की एक अन्य घटना सामने आई है। यहां रहने वाले 77 वर्षीय अमल कुमार गार्गिया ने दिल्ली से लौटने के बाद अपने मकान से सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। घटना के समय वह अपने बेटे के पास गए हुए थे।
बुजुर्ग के घर से नल का वाल्व और सीवेज के ढक्कन चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
इसी दौरान पड़ोसी राघवेंद्र सिंह के घर में भी एक व्यक्ति के प्रवेश करने की बात सामने आई है। घटना के समय राघवेंद्र सिंह इंदौर गए हुए थे। उनके घर से पीतल का हैंडल लॉक, बैंक पासबुक और चेकबुक चोरी होने की शिकायत की गई है।
पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और शिकायतों के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

