इंदौर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 2 नवंबर से इंदौर के डेली कॉलेज में शुरू होगी जो तीन दिन तक चलेगी। इस बैठक में संघ के अगले चरण की कार्ययोजना पर मंथन होगा। इसमें शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार, सामाजिक मुद्दों और भविष्य के अभियानों की दिशा तय की जाएगी।
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत होंगे शामिल
2 से 4 नवंबर तक होने वाली बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी छह सह सरकार्यवाह सहित देशभर के करीब 408 प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। संघ के 11 क्षेत्र और 46 प्रांतों से संघचालक, सह संघचालक, कार्यवाह, सह कार्यवाह, प्रचारक और सह प्रचारक भी मौजूद रहेंगे।
बैठक को लेकर शनिवार को डेली कॉलेज में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने एजेंडे और शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम दिन विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी और आंकड़े साझा किए जाएंगे।
अमेरिका-कनाडा प्रवास के अनुभव भी साझा किए जाएंगे
बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के विदेश प्रवास और वहां मिले अनुभवों पर भी चर्चा होगी। शताब्दी वर्ष के संदर्भ में अगस्त और सितंबर में वे अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम गए थे।
इस दौरान उन्होंने वहां के प्रमुख लोगों से संवाद किया और विभिन्न सम्मेलनों में विचार रखे। उन्होंने हिंदुत्व की सही अवधारणा और भारत की उस दृष्टि को सामने रखा, जिसमें दुनिया के सभी लोग एक साथ सुखपूर्वक रह सकते हैं। भारत की शक्ति बढ़ने का उद्देश्य दुनिया का कल्याण होना चाहिए, इस विचार को भी उन्होंने प्रमुखता से रखा।
ये भी पढे़ं: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का प्रतीकात्मक महाभियोग, खरगे के आवास पर जुटेंगे विपक्षी नेता
राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर होगी चर्चा
बैठक में सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर जन-जागरण को लेकर भी चर्चा होगी। संघ का प्रयास रहेगा कि समाज के सभी वर्गों तक तथ्यात्मक जानकारी सही परिप्रेक्ष्य में पहुंचे। इसके लिए उचित दृष्टिकोण पहुंचाने की जरूरत पर विचार किया जाएगा।

