मॉस्को: दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) ने डुरोव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में शामिल कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है।
टेलीग्राम पर कंटेंट मॉडरेशन को लेकर सवाल
रूसी सुरक्षा एजेंसी का आरोप है कि टेलीग्राम ने ऐसे कंटेंट को हटाने में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की, जिसका कथित तौर पर इस्तेमाल रूस में तोड़फोड़, आतंकवादी गतिविधियों और साइबर अपराधों की योजना बनाने के लिए किया गया।
FSB का कहना है कि कुछ समूहों ने टेलीग्राम के जरिए कथित रूप से अवैध गतिविधियों का संचालन और समन्वय किया। हालांकि, इस मामले में अभी तक पावेल डुरोव या टेलीग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
1 अरब से ज्यादा यूजर्स वाला प्लेटफॉर्म
जानकारी अनुसार, साल 2013 में लॉन्च हुआ टेलीग्राम आज दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप्स में शामिल है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर में इसके 1 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी टेलीग्राम सूचना साझा करने का एक बड़ा माध्यम बना रहा। दोनों देशों के नागरिकों, मीडिया संस्थानों और सरकारी समूहों ने भी इसका व्यापक इस्तेमाल किया।
यह भी पढ़ें-
ईरान-अमेरिका टकराव में सऊदी की एंट्री, इराक में संयुक्त हमला
रूस और टेलीग्राम के बीच लंबे समय से तनाव
बता दें रूस सरकार और टेलीग्राम के बीच विवाद नया नहीं है। रूसी प्रशासन लंबे समय से प्लेटफॉर्म पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश करता रहा है। वहीं, टेलीग्राम अपनी प्राइवेसी नीतियों और स्वतंत्र संचालन को लेकर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस अब अपनी घरेलू मैसेजिंग सेवा को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रहा है, जिससे टेलीग्राम पर दबाव बढ़ा है।
कौन हैं पावेल डुरोव?
पावेल डुरोव का जन्म रूस में हुआ था। उन्होंने टेलीग्राम से पहले रूस की लोकप्रिय सोशल नेटवर्किंग साइट VK (VKontakte) की शुरुआत की थी। हालांकि, रूसी अधिकारियों के बढ़ते दबाव के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में VK से अपनी हिस्सेदारी बेच दी और रूस छोड़ दिया। बाद में उन्होंने यूएई और फ्रांस की नागरिकता हासिल की।
फ्रांस में भी चल रही जांच
पावेल डुरोव पहले से ही कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। फ्रांस में भी टेलीग्राम पर आपराधिक गतिविधियों को रोकने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग से जुड़े मामलों में जांच चल रही है।
डुरोव लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और उनका कहना है कि टेलीग्राम यूजर्स की निजता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
रूस की इस कार्रवाई के बाद पावेल डुरोव और टेलीग्राम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर है कि डुरोव और उनकी कंपनी इस मामले पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में जाती है।

