बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट में रेत माफिया की दबंगई का एक खतरनाक मामला सामने आया है। अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंची पुलिस टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान हेड कॉन्स्टेबल राजेश्वर राहंगडाले को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने जिले में अवैध खनन नेटवर्क और प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
वीडियो बना रहे थे पुलिसकर्मी, तभी चढ़ा दिया ट्रैक्टर
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इलाके में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले और आरक्षक सुनील विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध ट्रैक्टरों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान राहंगडाले एक ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। आरोप है कि चालक ने अचानक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में उनकी ओर मोड़ दिया और उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हेड कॉन्स्टेबल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
दो पसलियां टूटीं
सूत्रों के मुताबिक, घायल पुलिसकर्मी को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित यूनाइटेड अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बालाघाट से गोंदिया तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें तेजी से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल की दो पसलियां फ्रैक्चर हुई हैं और शरीर में अंदरूनी चोटें भी आई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने की ताबड़तोड़ घेराबंदी, आरोपी गिरफ्तार
वहीं घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला, शासकीय कार्य में बाधा, अवैध उत्खनन और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध रेत नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
बालाघाट और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगहों पर माफिया खुलेआम नदी घाटों से रेत निकाल रहे हैं और कार्रवाई करने वाली टीमों को धमकाया जाता है। इस घटना के बाद प्रशासन पर अवैध खनन के खिलाफ और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेत माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

