दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के लिए सीधे तौर पर पुलिस जिम्मेदार है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए
AAP नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसी लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने के बाद पुलिस कई बार तब तक मुकदमा दर्ज नहीं करती, जब तक मामला दुष्कर्म तक नहीं पहुंच जाता। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर ही शिकायतों पर कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ सख्ती जरूरी है, ताकि गंभीर अपराधों को रोका जा सके।
ये भी पढ़े:दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा खतरे में !
Gen Z पर डंडे बरसाने में पुलिस आगे रहती है
AAP नेता ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कभी दिल्ली पुलिस किसी बलात्कारी को सड़क पर डंडे से मारते हुए ले जाती दिखाई दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि Gen Z के बच्चों के साथ पुलिस ने डंडों से मारपीट की और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। उनके मुताबिक, इससे दिल्ली में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश जाता है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने का समय है, लेकिन महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने में वह पीछे रहती है।

