गुना: केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुरुवार के गुना दौरे में सर्किट हाउस पर बड़ी संख्या में किसान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पगारा समेत आसपास के गांवों से आए किसानों ने खाद की किल्लत और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में आ रही परेशानियों की जानकारी दी।
किसानों का कहना था कि पोर्टल पर टोकन की प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद टोकन खत्म हो जाते हैं। कई किसान चार-पांच दिन से रात में जागकर टोकन लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही। कुछ किसानों ने टोकन व्यवस्था में गड़बड़ी और खाद की कालाबाजारी के आरोप भी लगाए।
एक बुजुर्ग किसान ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, “माला डालते-डालते पूरी जिंदगी निकल गई, खाद कब मिलेगा साहब?” किसान की इस बात ने वहां मौजूद अधिकारियों का ध्यान खाद की समस्या की गंभीरता की ओर खींचा।
कलेक्टर को बुलाने के लिए कहा
किसानों की शिकायतें सुनने के दौरान सिंधिया ने अधिकारियों से खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इसी दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल वहां मौजूद नहीं थे। सिंधिया ने पूछा, “कलेक्टर कहां हैं, जल्दी बुलाओ।”
कुछ देर बाद कलेक्टर मौके पर पहुंचे। सिंधिया ने उन्हें किसानों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद के लिए परेशान किसानों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएं और उनकी शिकायतों का व्यक्तिगत रूप से निराकरण कराया जाए।
टोकन व्यवस्था की जांच के निर्देश
सिंधिया ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में आ रही दिक्कतों की जांच कराने को कहा। साथ ही खाद वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने और किसानों को बार-बार समितियों के चक्कर न लगाने देने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े : MP में बनेगी ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ की विराट मानव रंगोली, 6 जिलों में हजारों लोग होंगे शामिल
एक अन्य मामले में एसपी को जांच
जनसुनवाई के दौरान एक अन्य शिकायत पर सिंधिया ने एसपी हितिका वासल को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने मोहन बरेला के भाई से जुड़े मामले की पूरी जांच कराने को कहा। एसपी ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

