Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएसडीएम ने किया अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण, मकड़ी के...

एसडीएम ने किया अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण, मकड़ी के जाले मिलने पर वार्डन को लगाई फटकार

बालाघाट: कटंगी एसडीएम विजय सिंह यादव ने रविवार को शासकीय सीनियर अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास कटंगी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने वार्डन प्रमिला राणा को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

छात्रावास में दर्ज छात्राओं की उपस्थिति की जानकारी ली

निरीक्षण के दौरान एसडीएम यादव ने सबसे पहले छात्रावास में दर्ज छात्राओं की उपस्थिति की जानकारी ली। वार्डन ने बताया कि छात्रावास 50 सीटर है और सभी सीटों पर छात्राएं दर्ज हैं। हालांकि, निरीक्षण के दिन कुल 50 छात्राओं में से मात्र 12 छात्राएं ही उपस्थित मिलीं। इस पर एसडीएम ने छात्राओं की कम उपस्थिति का कारण पूछा। वार्डन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मड़ई मेलों के आयोजन के कारण छात्राएं छात्रावास नहीं पहुंची हैं।

साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया

एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी अनुपस्थित छात्राओं से तत्काल दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें छात्रावास वापस बुलाया जाए, ताकि 18 नवंबर से प्रारंभ होने वाली परीक्षाओं की तैयारी वे बेहतर ढंग से कर सकें। एसडीएम यादव ने छात्रावास के डाइनिंग हॉल, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, भोजन मीनू, छात्राओं के शयन कक्ष, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

मकड़ी के जाले मिलने पर वार्डन को फटकार लगाई

इस दौरान छात्राओं के कमरों सहित छात्रावास के विभिन्न स्थानों पर मकड़ी के जाले लगे पाए गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए वार्डन को फटकार लगाई।उन्होंने निर्देशित किया कि छात्रावास में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक आठ दिन में मकड़ी के जाले हटाने सहित अन्य स्वच्छता संबंधी कार्य अनिवार्य रूप से कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

ये भी पढे़ं: ट्रेन की चपेट में आने से बाघ शावक की मौत, बाघिन की दहाड़ से थार्राये ग्रामीण; वन विभाग जाँच में जुटा

छात्राओं ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया

निरीक्षण के दौरान एसडीएम यादव ने छात्राओं से सीधे चर्चा कर भोजन की गुणवत्ता, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। एसडीएम ने छात्राओं से कहा कि छात्रावास में उपलब्ध भोजन, स्वच्छ पेयजल, बेहतर शयन कक्ष एवं साफ-सफाई की व्यवस्था उनका अधिकार है। इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि छात्रावास में किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर वे सीधे उन्हें अवगत करा सकती हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कटंगी के सीईओ गायत्री कुमार सारथी एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्र सिंह कुसराम उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन