– दमोह में 750 मीटर सीसी रोड का कार्य लंबे समय से था लंबित
– 25 दिनों में कार्य पूरा करने के निर्देश, नहीं होने पर होगी कार्रवाई
बालाघाट। क्षेत्र भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी अर्पित गुप्ता ने बैहर अनुभाग अंतर्गत राजमार्ग एसएच-48 (बैहर से सालेटेकरी) पर चल रहे सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। जहां निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही से नाराज होकर इंजीनियर और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री गुप्ता ने ग्राम दमोह में लगभग 750 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य का अवलोकन किया, जो लंबे समय से प्रारंभ नहीं हो पाया था। पूर्व में कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं किए जाने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। मौके पर उपस्थित मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के जिला प्रबंधक श्री मुकेश बेले एवं संबंधित ठेकेदार को एसडीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि उक्त निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा करने में लगभग 25 दिन का समय लगने की बात कही गई। इस पर एसडीएम श्री गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को बताई गई 25 दिवस की समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) एवं प्रभारी तहसीलदार बिरसा श्री आदित्य नारायण तिवारी भी उपस्थित रहे। एसडीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सड़क निर्माण में लापरवाही से नाराज एसडीएम ने इंजीनियर और ठेकेदार को लगाई फटकार


