Saturday, September 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में सीलिंग नोटिस : दुकानें बंदकर सड़कों पर उतरे व्यापारी, शाम...

भोपाल में सीलिंग नोटिस : दुकानें बंदकर सड़कों पर उतरे व्यापारी, शाम को रहवासी निकालेंगे टॉर्च मार्च

भोपाल: शहर के आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों और नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सीलिंग के नोटिस से नाराज व्यापारियों ने शनिवार को अवधपुरी में दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन किया और रैली निकाली। वहीं, शाम को गुलमोहर-त्रिलंगा क्षेत्र के रहवासी अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माणों के खिलाफ टॉर्च लाइट मार्च निकालेंगे।

अवधपुरी में सुबह करीब 11.30 बजे व्यापारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर बाजार में निकले। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान सीलिंग की कार्रवाई और नोटिस जारी करना गलत है। इससे पहले शुक्रवार को बाग सेवनिया क्षेत्र में भी व्यापारी प्रदर्शन कर चुके हैं।

रहवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल

इधर, संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। अरेरा कॉलोनी निवासी और याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी का कहना है कि निगम ने 1 अगस्त को कार्रवाई का दावा किया था। कई व्यावसायिक संस्थानों ने अपने प्रतिष्ठान बंद होने की सूचना भी लगाई थी, लेकिन अब उन्हीं जगहों पर ‘TO-LET’ के बोर्ड लगे दिखाई दे रहे हैं।

रहवासियों का आरोप है कि इससे कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

अवैध निर्माण पर ठोस कार्रवाई की मांग

रहवासियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 मई 2026 को आवासीय परिसरों में किए गए गैरकानूनी निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने और एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। उनका सवाल है कि बड़ी संख्या में अवैध निर्माण चिह्नित होने के बावजूद सीलिंग और ध्वस्तीकरण की ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारी सिर्फ नोटिस, सर्वे और कागजी कार्रवाई तक सीमित रहे तो इसका फायदा अवैध निर्माण संचालकों और भूमाफियाओं को मिलेगा। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

पार्किंग और यातायात की समस्या का भी उठाया मुद्दा

रहवासियों का कहना है कि आवासीय भूखंडों पर बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलने से क्षेत्र की शांति और सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इसके अलावा पार्किंग, यातायात, प्रदूषण और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है।

गुलमोहर से निकलेगा टॉर्च लाइट मार्च

शनिवार शाम गुलमोहर स्थित सेवाएं मार्केट से टॉर्च लाइट मार्च निकाला जाएगा। संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन में रहवासी अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन