सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर मेना गोदी गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग वाहन में फंस गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे गोदी जोड़ के पास हुआ। बोलेरो में सवार सभी लोग राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव के निवासी थे। परिवार अपने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ सदस्य का इलाज कराने आष्टा जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
बोलेरो में सवार थे नौ लोग
पुलिस के अनुसार बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। इनमें भगवान सिंह, अमर सिंह (चालक), बने सिंह, देवीराम, गुलाबचंद, राजाराम, इंदर सिंह, राधेश्याम और हेमराज शामिल थे। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों के नाम
हादसे में भगवान सिंह (50), अमर सिंह (45), बने सिंह (22), देवीराम (60) और गुलाबचंद (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों की पहचान
घायलों में राजाराम (45), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (30) और हेमराज (25) शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं। दो घायलों के पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
चीख-पुकार के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और 108 एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।
15 से 20 फीट दूर जा गिरे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार तीन लोग करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरे। चालक अमर सिंह का शव वाहन के अंदर फंसा मिला। हादसे के बाद सड़क पर वाहन के टूटे हिस्से, खून और मलबा बिखरा पड़ा था।
घायलों को भोपाल किया गया रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को पहले आष्टा सिविल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीहोर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
ट्रक चालक फरार, जांच शुरू
आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

