नई दिल्ली: भारत अब रक्षा क्षेत्र में अपनी तकनीकी ताकत बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता सिर्फ आर्थिक लक्ष्य नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और रणनीतिक मजबूती की जरूरत है। उन्होंने मिसाइल, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, रडार और एयरोस्पेस तकनीक के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब आधुनिक रक्षा प्रणालियों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना भी बड़ी प्राथमिकता है।
राजनाथ सिंह गैर-विनाशकारी मूल्यांकन एवं सहायक तकनीकों पर आयोजित 36वें वार्षिक सम्मेलन और एयरोस्पेस क्षेत्र से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आधुनिक और जटिल प्रणालियों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ उनकी गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
गुणवत्ता से तय होगी रक्षा प्रणालियों की विश्वसनीयता
रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी देश की तकनीकी प्रगति का आकलन केवल इस आधार पर नहीं किया जा सकता कि उसने कितनी आधुनिक तकनीक विकसित की है। यह भी देखना जरूरी है कि उस तकनीक से तैयार उपकरण और प्रणालियां कितनी सुरक्षित, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण हैं। रक्षा क्षेत्र में किसी भी तरह की तकनीकी चूक के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इसलिए प्रत्येक महत्वपूर्ण सामग्री, कलपुर्जे और निर्माण प्रक्रिया को गुणवत्ता के उच्चतम मानकों पर खरा उतरना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता केवल उत्पादन प्रक्रिया की औपचारिक जरूरत नहीं है, बल्कि सैन्य अभियानों की सफलता और राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है।
बिना नुकसान पहुंचाए होगी उपकरणों की जांच
राजनाथ सिंह ने गैर-विनाशकारी परीक्षण एवं मूल्यांकन तकनीकों (एनडीटी) की अहमियत बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से किसी सामग्री, कलपुर्जे या संरचना को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी मजबूती और आंतरिक स्थिति की जांच की जा सकती है। इससे निर्माण के दौरान ही संभावित खामियों का पता लगाने और रक्षा उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि अब केवल खामियों का पता लगाना पर्याप्त नहीं है। ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करने की जरूरत है, जिसमें निर्माण प्रक्रिया के शुरुआती चरण से ही खामियों को रोकने पर ध्यान दिया जाए। इसके लिए उत्पादन के हर स्तर पर गुणवत्ता को प्राथमिकता देनी होगी।
ये भी पढ़ें: PM मोदी बोले- नक्सली हिंसा से आदिवासियों को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान, सरकार ने शुरू कीं ₹3 हजार करोड़ की योजनाएं
एआई और रोबोटिक्स से बढ़ेगी जांच की सटीकता
रक्षा मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, उन्नत सेंसर, डिजिटल ट्विन और पूर्वानुमान विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकें गैर-विनाशकारी मूल्यांकन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रही हैं।
इन तकनीकों से जांच की गति और सटीकता बढ़ाने के साथ जटिल आंकड़ों का बेहतर विश्लेषण किया जा सकता है। इससे ऐसी संभावित खामियों की पहचान भी संभव होगी, जिन्हें पारंपरिक जांच विधियों से पकड़ना मुश्किल होता है।
उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल रक्षा उपकरणों और प्रणालियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

