रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और उनके भाई नागेंद्र सिंह की कार में आग लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों उस समय फॉर्च्यूनर वाहन में मौजूद थे, जब कार में आग भड़क उठी।
इलाज के दौरान भाई ने भी तोड़ा दम
घटना में गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह, जो पेशे से शिक्षक थे, को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
रेत कारोबार से जुड़े विवाद को लेकर जांच
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे रेत कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिसके बाद वाहन आग की लपटों में घिर गया।
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

