जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भंडारी अस्पताल रोड स्थित राजुल डुप्लेक्स में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपी युवक ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
ब्यूटी पार्लर पार्टनर थी मृतका
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शक्ति कोहली के रूप में हुई है, जो अपने पति से अलग रह रही थी और शहर में एक ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी। शक्ति कोहली आरोपी दीपेश राठौर के साथ पार्टनरशिप में ब्यूटी पार्लर चला रही थी।
पहले महिला को मारी गोली, फिर खुद की जीवन लीला की समाप्त
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी विवाद के चलते दीपेश राठौर ने शक्ति कोहली को गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में घर के अंदर मिले।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, दीपेश राठौर का आपराधिक प्रवृत्ति का बैकग्राउंड रहा है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपेश लंबे समय से शक्ति कोहली को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसे लगातार परेशान करता था।
पुलिस पर भी लगाए लापरवाही के आरोप
शक्ति कोहली के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस से दीपेश की शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करती, तो शायद इस दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था।
https://www.instagram.com/reel/DZopEa8gx5F/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के जीजा शरद जाटव ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि दीपेश राठौर लगातार शक्ति को परेशान कर रहा था और इसकी शिकायत पहले भी की गई थी।

